सच्चाई मे है दम,इसलिए सच लिखते हैं हम
कोरोना संक्रमण की रफ्तार में खतरनाक तेजी, सभी 75 जिलों में दस्तक

कोरोना संक्रमण की रफ्तार में खतरनाक तेजी, सभी 75 जिलों में दस्तक

- ढाई माह बाद चौबीस घंटों में 638 रोगी मिले, एक मार्च को थे 87 रोगी

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण की चाल की गति जिस तेजी से बढ़ रही है। वह हैरानगी के साथ अलर्ट का इशारा कर रही है। मार्च का महीना तो बेहद खतरनाक स्थिति में है। एक मार्च 2021 को कोरोना के 87 रोगियों की पहचान की गई थी। और यह माना गया कि अब शायद संक्रमण कंट्रोल में आ जाएगा। पर बीते 24 घंटे में मिले 638 संक्रमित ने चौंका दिया। यह करीब-करीब सात गुना हुआ। मंगलवार को लखनऊ में सबसे ज्यादा 232 रोगी मिले हैं। सोमवार तक यूपी में सिर्फ कासगंज ही कोराना फ्री था पर अब वहां पर भी संक्रमण मरीज की आमद दर्ज की गई। यूपी के करीब 15 जिलों में संक्रमण में तेजी आ गई है।

- यूपी में कोरोना वायरस का खतरा बढ़ा, पूरे प्रदेश में सिर्फ एक कोरोना मुक्त जिला

प्रदेश में अब तक कोरोना से 6.08 लाख लोग संक्रमित हैं। 5.96 लाख रोगी ठीक हो चुके हैं। अब तक 8,764 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केस बढ़कर 3,844 हो गए हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने जनता से पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है। राजधानी लखनऊ सहित 15 जिलों में संक्रमण बढ़ा है। कानपुर, वाराणसी, गाजियाबाद, नोएडा, गोरखपुर, आगरा, बरेली, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, बलिया व आगरा शामिल हैं। उधर प्रयागराज व मेरठ में लगातार केस कम हो रहे थे, लेकिन मंगलवार को फिर बढ़ गए। कासगंज कोरोना मुक्त हो गया था, लेकिन अब यहां भी नए रोगी मिले हैं।

मार्च में 46 फीसद बढ़े एक्टिव केस : सितंबर 2020 से लगातार कोरोना के घट रहे रोगियों का सिलसिला मार्च में आकर थम गया। जनवरी व फरवरी में क्रमश: 60-60 प्रतिशत एक्टिव केस कम हुए थे, लेकिन मार्च में यह उल्टा तेजी से बढ़ गए। एक मार्च को 2,078 रोगी थे और अब 3,844 एक्टिव केस हैं। यानी 1,766 रोगी बढ़े। ऐसे में कुल 46 फीसद मरीज बढ़े हैं।

9.4 लाख को दूसरी डोज : कोरोना बचाव के लिए 48.2 लाख टीके लगाए जा चुके हैं। इनमें 38.7 लाख को पहली डोज और 9.4 लाख को दूसरी डोज दी जा चुकी है। सोमवार, गुरुवार व शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी वैक्सीन लगाई जाती है। मंगलवार को करीब एक लाख लोगों ने वैक्सीन लगवाई।

निजी अस्प्ताल में देना होगा 250 रुपए : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि, यूपी सरकार मुस्तैदी से टीकाकरण अभियान चला रही है। कोई छूट न जाए इसलिए लगातार प्रचार भी किया जा रहा है। यूपी में तकरीबन एक हजार निजी अस्पताल टीकाकरण कर रहे है। इन अस्पतालों में कोरोना वैक्सीनेशन की प्रति डोज के लिए 250 रुपए शुल्क देना पड़ता है। सरकारी अस्पताल में यह टीका निशुल्क है। सिर्फ आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या अन्य पहचान पत्र लेकर टीकाकरण केंद्र जाने पर स्वास्थ्य कर्मी पंजीकरण कर लेता है।

एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु वालों को लगेगी वैक्सीन कोरोना वैक्सीनेशन की जद में अधिक से अधिक लोगों को लाने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे यूपी की जनता को कोरोना से सुरक्षा कवच मिल सके। एक अप्रैल से केंद्र की गाइडलाइन के अनुसार 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को भी टीका लगाया जाना है। परिवार कल्याण विभाग ऐसे लोगों का डाटा जुटाने में युद्धस्तर पर जुट गया है।

0 Response to "कोरोना संक्रमण की रफ्तार में खतरनाक तेजी, सभी 75 जिलों में दस्तक"

एक टिप्पणी भेजें