FOLLOW-UP: चार दिन से लापता था पैथोलॉजी संचालक अशोक, पुलिस को दी गई थी तहरीर
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली अंतर्गत चुर्क पुलिस चौकी क्षेत्र के बिजौली गांव निवासी अशोक मौर्य चार दिन से लापता था। इसकी तहरीर उसी दिन पुलिस को दी गई थी और हत्या की आशंका भी जताई गई थी। घटना के लिए कुछ नामों पर संदेह भी जताया गया था। बावजूद पुलिस अशोक को ढूंढ नहीं पाई। मंगलवार को जब रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र में जंगल में शव फेंके हाल में पड़ा मिला तो तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई। राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में मृतक के पिता राजकुमार ने बताया था कि अशोक मारकुंडी में पैथोलॉजी का संचालन करता है। गत 22 मई को दोपहर में उसका फोन डीएल हॉस्पिटल रावटसगंज में काम करने वाले एक परिचित स्टाफ के पास आया कि वह घायल अवस्था में सोनपंप चुर्क के पास वाले जंगल में पड़ा हुआ है। फोन पर उसने खुद को खतरा बताते हुए जल्दी आने को कहा। इसके कुछ मिनट बाद ही उसका फोन स्विच ऑफ बताने लगा। कुछ देर बाद उस स्टॉप के मोबाइल पर एक युवती का फोन आने लगा और वह खुद को अशोक की पत्नी बताते हुए अशोक के बारे में पूछने लगी। तहरीर में मृतक के पिता ने कहा था कि अशोक की पत्नी घर पर है। ऐसे में दूसरे किसी युवती द्वारा पत्नी होने का दावा करना मामले को गंभीर बना रहा है। उन्हें शक है कि उनके बेटे का अपहरण कर लिया गया है और हत्या भी की जा सकती है। तीन दिन बाद विजयगढ़ दुर्ग के पास जंगल में शव पाए जाने पर यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि उसकी हत्या करने के बाद शव लाकर यहां फेंक दिया गया। उधर, पुलिस का कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। मौत का कारण जानने के लिए पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
0 Response to "FOLLOW-UP: चार दिन से लापता था पैथोलॉजी संचालक अशोक, पुलिस को दी गई थी तहरीर"
एक टिप्पणी भेजें