GOOD NEWS: मृतक आश्रितों को तृतीय श्रेणी पद पर मिलेगी नौकरी, बेसिक शिक्षा मंत्री का फरमान
लखनऊ। प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी के हवाले से बेसिक शिक्षा विभाग के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। अब मृतक आश्रितों को योग्यता होने पर शिक्षक और तृतीय श्रेणी कर्मचारी के पद पर नियुक्ति मिल सकेगी। सोमवार को इसके लिए जहां दिशा निर्देश जारी किए गए, वहींं मंत्री श्री द्विवेदी ने स्वयं ट्वीट कर इस निर्णय की जानकारी दी। अब तक शिक्षकों के ऐसे आश्रित, जो टीईटी की योग्यता नहीं रखते थे, उन्हें चतुर्थ श्रेणी कर्मी पद पर नियुक्ति मिलती थी। योग्यता के हिसाब से आश्रितों को शिक्षक के साथ तृतीय श्रेणी कर्मचारी के रूप में नियुक्त किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। सोमवार को इस मांग पर मुहर लगा दी गई ट्वीट के जरिए डॉ सतीश द्विवेदी ने बताया है कि अब उन मृतक आश्रितों को जो बीएड/डीएलएड(पूर्व में बीटीसी) तथा टीईटी डिग्री धारक हैं उनको अध्यापक पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। जो टीईटी उत्तीर्ण नहीं है लेकिन तृतीय श्रेणी में नियुक्ति की अर्हता रखते हैं उनको पद रिक्त न होने की स्थिति में भी अधिसंख्य पद पर तृतीय श्रेणी में नियुक्ति दी जाएगी। बताते चलें कि पूर्व में अधिकांश शिक्षकों के मृतक आश्रित जो टीईटी उत्तीर्ण नहीं थे वह उच्च शिक्षित होते हुए भी चतुर्थ श्रेणी में सेवा करने के लिए विवश होते थे। क्योंकि तृतीय श्रेणी में पद रिक्त नहींं होते थे। यह व्यवस्था उनकी योग्यता के अनुरूप नहीं थी। इसी बात को ध्यान में रखते हुए तृतीय श्रेणी की अर्हता रखने वाले मृतक आश्रितों को पद रिक्त न होने की स्थिति में भी अधिसंख्य पद पर नियुक्ति दी जाएगी।

0 Response to "GOOD NEWS: मृतक आश्रितों को तृतीय श्रेणी पद पर मिलेगी नौकरी, बेसिक शिक्षा मंत्री का फरमान"
एक टिप्पणी भेजें