सच्चाई मे है दम,इसलिए सच लिखते हैं हम
देखे उत्तर प्रदेश से जुड़ी मुख्य खास खबरों की बुलेटिन

देखे उत्तर प्रदेश से जुड़ी मुख्य खास खबरों की बुलेटिन


लखनऊ बरौनी एक्सप्रेस सहित छह ट्रेनें निरस्त

लखनऊ. पर्याप्त यात्री नहीं मिलने के चलते ट्रेनों का निरस्तीकरण जारी है। रेलवे प्रशासन ने लखनऊ- बरौनी सहित घाटे में चल रहीं आधा दर्जन स्पेशल ट्रेनों को अगले आदेश तक निरस्त कर दिया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार महाराष्ट्र के विभिन्न स्टेशनों से गोरखपुर के बीच चलने वाली दो अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के फेरे भी बढ़ा दिए गए हैं। यह ट्रेनें पूर्व निर्धारित समय, मार्ग और ठहराव के आधार पर ही चलाई जाएंगी। इसी के साथ कुछ ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। ट्रेन संख्या 01329 पुणे- गोरखपुर स्पेशल 22, 25, 27 एवं 29 मई को और 01330 गोरखपुर - पुणे स्पेशल 24, 27, 29 व 31 मई को भी चलेगी। 01359 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस- गोरखपुर स्पेशल 21, 23, 24, 26, 28, 30 एवं 31 मई को और 01360 गोरखपुर- छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्पेशल 23, 25, 26, 28, 30 मई और 01 व 02 जून को भी चलेगी।

- मुख्यमंत्री की इंटरनेट मीडिया शाखा में तैनात व्यक्ति ने की आत्महत्या

लखनऊ. मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया शाखा में तैनात वैशाली एनक्लेव इंदिरानगर निवासी पार्थ श्रीवास्तव ने बुधवार शाम को आत्महत्या कर ली। पार्थ ने दो पन्ने का सुसाइड नोट लिखकर ट्वीट किया था। नोट में उसने साथ में काम करने वाले पुष्पेंद्र सिंह और शैलजा पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है और इन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पार्थ ने सुसाइड नोट ट्वीट कर सूचना निदेशक शिशिर सिंह को टैग किया था। पार्थ का ट्वीट रहस्यमय हालात में डिलीट भी हो गया। इंस्पेक्टर इंदिरानगर अजय प्रकाश त्रिपाठी के मुताबिक पार्थ ने अपने कमरे में फांसी लगाई थी। परिवार वाले फंदे से नीचे उतारकर पार्थ को लोहिया अस्पताल लेकर गए थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इंस्पेक्टर का कहना है कि इस संबंध में परिवारजन ने कोई शिकायत नहीं की है। तहरीर मिलने पर छानबीन की जाएगी।

- बुलेट के शौक ने दूल्हे को मंडप से पहुंचा दिया थाने

अमेठी. जिले में शादी के बाद विदाई के समय में दूल्हे पक्ष की ओर से बुलेट की मांग करना भारी पड़ गया। मामला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा केसरिया सलीमपुर का है। गांव निवासी नसीम अहमद की बेटी की शादी के लिए रायबरेली के इमरान के पुत्र आमिर की बारात आई थी। विवाह में निकाह की रस्म अदायगी के बाद बारातियों ने दावत खाई। दूल्हे ने खाने की रस्म के दौरान ही बाइक की जगह बुलेट की डिमांड रख दी। लड़की के पिता ने उसकी यह डिमांड भी मान ली और बुकिंग होते ही बुलेट गाड़ी देने को राजी हो गए। लेकिन, दूल्हे व उसके पिता ने बुलेट के साथ ही विदाई पर अड़ गये। बात बढ़ी तो लड़की वालों ने दूल्हा और उसके पिता की जमकर धुनाई कर दी। उधर दूल्हन को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने दहेज लोभियों के घर जाने से इंकार कर दिया। घटना की सूचना कोतवाली पहुंची तो पुलिस गांव पहुंच कर दूल्हे व उसके पिता को कोतवाली ले आई। प्रभारी कोतवाली अवनीश कुमार चौहान ने कहा कि दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। दूल्हे व उसके पिता को हिरासत में लिया है।

- शनिवार को कानपुर आएंगे सीएम योगी

कानपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को कानपुर शहर आएंगे। वह यहां कोविड स्थिति का जायजा लेगें और सभी जिलों के डीएम और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके साथ किसी एक गांव का निरीक्षण करेंगे और कंट्रोल रूम भी जाएंगे। मुख्यमंत्री शनिवार दोपहर दो बजे इटावा से पुलिस लाइन आएंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2:10 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे और वहां अधिकारियों से बात करेंगे। फिर वहां से नगर निगम आएंगे और कंट्रोल रूम की व्यवस्था देखेंगे। वहां से केडीए सभागार जाएंगे और अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे फिर किसी गांव के निरीक्षण पर जाएंगे। शाम 5.40 बजे पुलिस लाइन से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।

- गोंडा हाइवे पर पेड़ से टकराई डीसीएम, तीन की मौत

बहराइच. गोंडा हाईवे पर कोतवाली देहात के ग्राम रसूलपुर के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार डीसीएम चालक का संतुलन बिगड़ गया। जिससे डीसीएम पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में डीसीएम के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना होते ही ग्रामीण दौड़ कर वहां पहुंचे और कोतवाली को हादसे की सूचना दी। कोतवाल, चिलवरिया चौकी प्रभारी शिवनाथ गुप्ता पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने केबिन में फंसे तीनों घायलों को केबिन से निकाल कर आनन- फानन में मेडिकल कालेज पहुंचाया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल प्रेम पाल सिंह ने कहा कि दो मृतकों की पहचान हो गई है। चालक आजमगढ़ जिले के गंभीरवा थाने के इमलिया कलंदरपुर निवासी 32 वर्षीय जावेद और 30 वर्षीय विक्की गौड़ के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

- पत्नी के भाई से हुआ विवाद तो जीजा ने बाइक में लगा दी आग

बहराइच. जिले में जीजा और उसकी पत्नी के भाई के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया, जिससे नाराज होकर जीजा ने अपनी मोटरसाइकिल को आग लगा दी। मामला थाना खैरीघाट के बरदहा बजार क्षेत्र का है, जहां पत्नी की बहन की इंगेजमेंट कार्यक्रम में शामिल होने गए शिवम नाम के युवक का अपनी पत्नी के भाई से विवाद हो गया, जिससे आहत होकर युवक ने मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया।

बरदहा बाजार में सड़क पर खड़ी एक मोटरसाईकिल आग के गोले की तरह जलने लगी। आसपास के लोग जलती गाड़ी को देखकर दंग रह गए। किसी तरह लोगों ने आग पर काबू पाया। फिर मामले की पड़ताल शुरू हुई तो पता चला कि रुपये के लेन देन को लेकर जीजा और उसकी पत्नी के भाई बीच कुछ कहासुनी हुई और जीजा शिवम पुत्र जगदीश पटवा निवासी भेरवा थाना इमलिया जनपद सीतापुर ने अपनी गाड़ी एचएफ डीलक्स को आग के हवाले कर दिया। मामला बढ़ता देख डायल 112 को फोन कर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पीआरबी की पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।

बताया जा रहा है की शिवम की पत्नी की छोटी बहन पूजा पुत्री अशोक कुमार का बुधवार को इंगेजमेंट थी। जिसमें पूजा के भाई अंकित द्वारा शिवम से उधार लिये गए रुपयों को वापस करने की बात को लेकर आपस में विवाद हो गया, जिससे नाराज होकर शिवम ने गाड़ी को आग लगा दी। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।

- यूपी में शुरू हुआ देश का सबसे बड़ा मुफ्त राशन वितरण अभियान

लखनऊ- योगी सरकार ने गरीबों और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिये गुरुवार को देश के सबसे बड़े मुफ्त राशन वितरण अभियान की शुरुआत की। अभियान के शुरु होते ही सरकारी राशन दुकानों से हर कार्डधारक को 3 किलो गेहूं के साथ 2 किलो चावल मिलने लगा। सरकार की तरफ से 2 महीने का मुफ्त राशन मिलने पर कार्ड धारकों के चेहरे खिल गये, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। लोगों ने विषम परिस्थितियों में सरकार की ओर से की गई मदद के लिये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद दिया। योजना के तहत यूपी में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से जुड़े 15 करोड़ पात्र कार्ड धारकों को 2 महीने का मुफ्त राशन दिया जाना है। अभियान में पात्र गृहस्थी योजना के 13,41,77,983 कार्ड धारकों और अंत्योदय अन्न योजना के 1,30,07,969 पात्रों को भी मुफ्त राशन वितरण योजना का लाभ मिलेगा।

- पक्का मकान नहीं है तो बस थोड़ा इंतजार कीजिए, 25.54 लाख ग्रामीणों को सीएम योगी देंगे आवास

राशन वितरण 31 मई तक चलेगा :- देश के सबसे बड़े मुफ्त राशन वितरण अभियान में यूपी के कार्ड धारकों के अलावा पोर्टबिलिटी के आधार पर कोई भी पात्र कार्ड धारक प्रदेश की सरकारी राशन दुकानों से मुफ्त राशन प्राप्त कर सकेगा। मई महीने का राशन वितरण गुरुवार से शुरू हुआ जो 31 मई तक चलेगा 29 से 31 मई तक पोर्टबिलिटी के आधार पर पात्र लोगों को राशन वितरण किया जाएगा। योगी सरकार के निर्देश पर मुफ्त राशन वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए ई-पास मशीनों का प्रयोग किया है। योगी सरकार ने मुफ्त राशन वितरण अभियान के लिए बड़े स्तर पर तैयारी की है।

8 महीने तक मुफ्त राशन :- गौरतलब है कि कोरोना की पहली लहर के दौरान भी योगी सरकार ने पात्र कार्ड धारकों को 8 महीने तक मुफ्त राशन वितरण किया था। 5 किलो खाद्यान्न प्रति यूनिट की दर से राज्य सरकार ने सरकारी दुकानों से पिछले साल अप्रैल से नवंबर तक 60 लाख मी टन खाद्यान्न का मुफ्त वितरण किया था, जो कि देश में एक रिकार्ड है ।

मंत्री, विधायकों, अफसरों की निगरानी में हुई शुरुआत :- प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायकों, अफसरों की निगरानी में हुई अभियान की शुरुआत सीएम योगी के निर्देश पर यूपी के विभिन्न जिलों में मुफ्त राशन वितरण अभियान की निगरानी के लिए तैनात प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायकों और अफसरों ने राशन वितरण अभियान की शुरुआत कराई। मुफ्त राशन वितरण में कोई परेशानी न हो इसकी निगरानी अफसर करने में लगे रहे। वितरण के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखे जाने के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। राशन वितरण की निगरानी के लिए सरकारी दुकानों पर नोडल अधिकारी भी तैनात रहे।

राशन दुकानों पर हो रहा कोविड प्रोटोकॉल का पालन :- प्रदेश की लगभग 80 हजार सरकारी राशन दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचाने के साथ वहां कोविड प्रोटोकाल के पालन पर भी पूरा जोर दिया गया। ई पास मशीनों के इस्तेमाल से पहले लोगों से सेनिटाइजेशन कराया गया। एक दुकान पर एक समय में अधिकतम 5 उपभोक्ता ही मौजूद रहे इसका भी दुकानदाराें ने पालन कराया। खाद्यान्न वितरण में सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा गया। टोकन वितरित किये गये जिससे दुकानों पर भीड़ न जुट सके। राज्य सरकार के निर्देश पर राशन दुकान पर सेनिटाइर, साबुन और पानी की उपलब्धता भी देखी गई।

0 Response to "देखे उत्तर प्रदेश से जुड़ी मुख्य खास खबरों की बुलेटिन"

एक टिप्पणी भेजें