प्रत्येक जनपद में होगा पोस्ट कोविड वार्ड, वैक्सीनेशन के लिए बनेगा अभिभावक स्पेशल बूथ: सीएम
मिर्जापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मीरजापुर मंडल में मां विंध्यवासिनी की कृपा से अच्छे परिणाम सामने आए हैं। एक समय यहां पर पॉजिटिविटी रेट 35% के आस-पास पहुंच गया था। वह मंगलवार को यहां कोरोना के रोकथाम का इंतजाम जानने के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास का ही परिणाम है कि आज यहां पॉजिटिविटी रेट 02% के नीचे पहुंच गया है।
बताया कि थर्ड वेव की आशंका को देखते हुए सभी मेडिकल कॉलेजों व जिला अस्पतालों में PICU एवं NICU के निर्माण की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। वैक्सीन एक सुरक्षा कवच है। एक जून से प्रदेश के सभी जनपदों में 18 से 44 वर्ष के आयुवर्ग हेतु वैक्सीनेशन कार्यक्रम को विस्तार दिया जाएगा। 12 वर्ष तक के बच्चों के अभिभावकों को 'अभिभावक स्पेशल बूथ' में प्राथमिकता पर वैक्सीन लगाई जाएगी। हर जनपद में पोस्ट कोविड वॉर्ड के निर्माण की कार्यवाही युद्धस्तर पर चल रही है।मीरजापुर में पोस्ट कोविड वॉर्ड स्थापित किया भी जा चुका है। थर्ड वेव की आशंकाओं को लेकर भी हम सभी तरह की तैयारियां जारी रखे हुए हैं। कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए आशंका व्यक्त की जा रही थी कि 25 अप्रैल से 10 मई के बीच एक लाख पॉजिटिव केस प्रतिदिन आएंगे। एक्टिव केस की संख्या 30 लाख से ज्यादा हो जाएगी लेकिन प्रदेश में पूरी टीम ने कोविड प्रबंधन का एक बेहतर उदाहरण पेश कर इस अनुमान को झुठला दिया। सीएम ने कहा कि हमने 'ट्रेस, टेस्ट एंड ट्रीट' के मंत्र को प्रभावी तरीके से प्रदेश में लागू किया। इसका परिणाम है कि बीते 24 घंटे में सिर्फ 3,900 नए केस सामने आए हैं। इस सदी की सबसे बड़ी महामारी के खिलाफ जब हम सभी मिलकर लड़ेंगे, तो इसके अपेक्षित परिणाम सामने आएंगे। रोकथाम के साथ हमें व्यक्ति के जीवन और जीविका दोनों को बचाना है। मुख्यमंत्री ने अपील की कि सभी लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें और दूसरों को भी जागरूक करें।

0 Response to "प्रत्येक जनपद में होगा पोस्ट कोविड वार्ड, वैक्सीनेशन के लिए बनेगा अभिभावक स्पेशल बूथ: सीएम"
एक टिप्पणी भेजें